40 फीट नीचे काम कर रहे थे मजदूर, तभी ऊपर से जो गिरा… मच गया कोहराम!
कर्नाटक के बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक पत्थर की खदान में 40 फीट नीचे काम कर रहे मजदूरों पर अचानक विशालकाय चट्टान गिर गई, जिसमें बिहार के 7 प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हैं।
Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला खदान हादसा सामने आया है। यहां एक पत्थर की खदान में काम के दौरान चट्टान का एक विशाल हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ और श्रमिक फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। इस घटना में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
सुबह 5 बजे 40 फीट नीचे आया काल
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मदपट्टना में हुआ। हादसे के वक्त खदान में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। साइट पर एक दिन पहले ही ब्लास्टिंग का काम हुआ था, जिसके बाद मजदूर जमीन से लगभग 40 फीट नीचे खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक बिना किसी चेतावनी के ऊपर से चट्टान गिर गई।
बिहार के रहने वाले थे मृतक
इस खदान हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ित बिहार के प्रवासी मजदूर हैं, जबकि कुछ घायल श्रमिक कर्नाटक के ही रहने वाले हैं। पांच गंभीर रूप से घायल मजदूरों को इलाज के लिए तुरंत आरआर अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर मौजूद चश्मदीद विनोद ने बताया, “मजदूर नाइट शिफ्ट के बाद सुबह का काम संभाल रहे थे, तभी अचानक पत्थर गिरा। कुछ लोगों के हाथ-पैर कट गए, हम उन्हें बचाने के लिए कुछ नहीं कर पाए।”
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें भारी पत्थरों को हटाकर फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। इस हादसे पर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने साफ कहा कि मजदूरों की सुरक्षा खदान मालिकों की जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।