Dhanbad : धनबाद पुलिस ने मोस्टवांटेड अपराधी प्रिंस खान गिरोह के 12 सदस्यों को हथियार, बम, नकदी और अन्य आपराधिक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय संगठित अपराधियों के नेटवर्क को गहरा झटका लगा है।

जानकारी के अनुसार, प्रिंस खान और उसका सहयोगी सैफी उर्फ मेजर लंबे समय से धनबाद के विभिन्न व्यवसायियों से फोन कर रंगदारी की मांग कर रहे थे और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इन अपराधियों के आर्थिक स्रोतों का पता लगाने और उनके नेटवर्क को खत्म करने के लिए धनबाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया था।

इसी अभियान के तहत 12-13 अक्टूबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राजगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी की और गिरोह के कई सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस ने इस संबंध में राजगंज थाना कांड संख्या 87/25 दर्ज की है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने 9 सितंबर को राजगंज के एक पेट्रोल पंप पर फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने गिरोह के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। बैंकमोड़ थाना क्षेत्र से भी कई हथियार, बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इस सिलसिले में बैंकमोड़ थाना कांड संख्या 263/25 दर्ज की गई है।

धनबाद पुलिस ने केवल गिरोह के शूटरों को ही नहीं, बल्कि उनके वित्तीय नेटवर्क को भी ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने गिरोह के आर्थिक लेन-देन से जुड़े विक्रम साव, पवन कुमार सिंह समेत सात लोगों को कतरास थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग रंगदारी से वसूले गए पैसों को विभिन्न खातों के माध्यम से गिरोह तक पहुंचाते थे। उनके पास से वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी मिले हैं।

गिरफ्तार अपराधियों में सुरज तांडी, आशीष कुमार सिंह, तौकिर राजा, अफरिदी राजा, लक्की विशाल, पवन कुमार सिंह, रितिक विश्वकर्मा, अमन कुमार गुप्ता, विक्रम साव, आकाश वर्णवाल, तौकिल अंसारी और अभिषेक पांडे शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से देशी पिस्टल, कट्टा, जिंदा कारतूस, देशी बम, ₹31,970 नकद, दो मोटरसाइकिल और सात स्मार्टफोन जब्त किए हैं।

धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और उनके सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

Share.
Exit mobile version