Lohardaga News: भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 के अमर सेनानी, अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम के प्रतीक बलिदानी पांडेय गणपत राय की 217वीं जयंती आगामी 17 जनवरी को उनके पैतृक गांव भौंरो में पूरे श्रद्धा, गौरव और जनभागीदारी के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर जयंती समारोह के साथ-साथ भव्य विकास मेला का भी आयोजन किया जाएगा, जो इतिहास, सम्मान और विकास का अनूठा संगम बनेगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भंडरा प्रखंड अंतर्गत भौंरो गांव में हलचल तेज हो गई है
।बलिदानी पांडेय गणपत राय की प्रपौत्री एवं स्मारक समिति लोहरदगा की अध्यक्ष डॉ. वंदना राय के नेतृत्व में समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। मंत्री चमरा लिंडा ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि शहीद पांडेय गणपत राय जैसे महान क्रांतिकारियों का बलिदान देश की आत्मा में सदैव जीवित रहेगा। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने 17 जनवरी को भौंरो में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
डॉ. वंदना राय ने बताया कि यह आयोजन जिला प्रशासन लोहरदगा एवं स्मारक समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। समारोह के दौरान बलिदानी पांडेय गणपत राय को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे, वहीं विकास मेला के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों, युवाओं और समिति सदस्यों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की दिशा में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
Share.
Exit mobile version