Jamshedpur news: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे को तोड़कर एक दुकान में जा घुसी। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें प्रेम महतो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अर्टिगा कार रांची से जमशेदपुर की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार में राजू नाम का एक युवक अपने तीन-चार साथियों के साथ सवार था। लोगों का आरोप है कि सभी ने शराब का सेवन किया हुआ था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक शराब पीकर वाहन चलाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार ने पहले सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लिया, जिसके बाद वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए मशहूर पत्रकार विजय सिंह की डीबी रोड स्थित दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान के बाहर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्रेम महतो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस वाहन के चालक और उसमें सवार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



