गुमला /चैनपुर:आगामी मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2026 में छात्रों के बेहतर प्रदर्शन को लेकर चैनपुर प्रखंड में ‘बोर्ड एग्जाम विजय अभियान’ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में चैनपुर के अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता ने लूथरन हाई स्कूल और बरवे हाई स्कूल का दौरा कर छात्रों का मनोबल बढ़ाया।

अंचल अधिकारी ने कक्षा में पहुंचकर मैट्रिक के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनकी परीक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा डरने की चीज नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और मेहनत को साबित करने का अवसर है।

दिनेश गुप्ता ने छात्रों को समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और बार-बार रिविजन के महत्व को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास के साथ की गई मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। परीक्षा के दौरान तनाव से बचने और शांत मन से प्रश्न हल करने के टिप्स भी उन्होंने साझा किए।

इस दौरान अंचल अधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों से भी चर्चा की और कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ‘बोर्ड एग्जाम विजय अभियान’ का उद्देश्य प्रखंड के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाना है।

अंचल अधिकारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बोर्ड परीक्षा उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रशासन का प्रयास है कि उन्हें बेहतर मार्गदर्शन मिले ताकि वे बिना मानसिक दबाव के परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

Share.
Exit mobile version