फॉण्ट कनवर्टर NEW

पुलिस हिरासत में युवक की मौत, गोकुलनगर में भड़का आक्रोश

Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद गोकुलनगर और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान गोकुलनगर निवासी जीत महतो के रूप में हुई है। घटना

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद गोकुलनगर और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान गोकुलनगर निवासी जीत महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

परिजनों का आरोप है कि चोरी के एक मोबाइल फोन की जांच के नाम पर पुलिस ने जीत महतो को हिरासत में लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे पुलिस बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के जीत को उसके घर से उठा ले गई थी। आरोप यह था कि उसने 500 रुपये में एक मोबाइल फोन खरीदा था, जो बाद में चोरी का निकला। हालांकि परिजनों का दावा है कि जीत को इस बात की जानकारी नहीं थी कि मोबाइल चोरी का है।

परिवार ने यह भी बताया कि जीत पहले से बीमार था और ठीक से चलने-फिरने में भी असमर्थ था। इस स्थिति की जानकारी पुलिस को देने के बावजूद उसे हिरासत में रखा गया। परिजनों के मुताबिक, जीत महतो करीब 48 घंटे तक पुलिस हिरासत में रहा और इस दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे पुलिस ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया और इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। जब तक परिवार अस्पताल पहुंचा, डॉक्टरों ने जीत को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

वहीं, पुलिस ने हिरासत में मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि जीत महतो को चोरी के मोबाइल से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत किसी प्रकार की पिटाई से नहीं हुई है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोकुलनगर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram