जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के डालडा लाइन में दुकानों से लगातार AC के कॉपर पाइप चोरी होने से परेशान कारोबारियों ने मंगलवार को एक युवक को चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया।
आरोप है कि युवक दुकान की छत पर लगे AC का कॉपर पाइप काटकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। CCTV में उसे पाइप काटते हुए देखा गया। जानकारी मिलने के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
लोगों ने युवक के पास मौजूद बोरे की तलाशी ली, जिसमें चोरी किया गया कॉपर पाइप मिलने की बात सामने आई। युवक ने पूछताछ में अपना नाम रमजान बताया। इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
साकची थाना पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक अकेले चोरी करता था या उसके पीछे कोई गिरोह काम कर रहा है। पिछले दिनों हुई कॉपर पाइप चोरी की घटनाओं में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
कारोबारियों के अनुसार, डालडा लाइन में करीब दो महीने से AC के कॉपर पाइप चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। जय दुर्गा ज्वेलर्स के संचालक विकास स्वाइन ने बताया कि पिछले सप्ताह उनकी दुकान का भी कॉपर पाइप चोरी हुआ था। नया पाइप लगवाने में करीब 7 से 8 हजार रुपये खर्च हुए।
लगातार चोरी की घटनाओं के बाद दुकानदारों ने दुकानों के आसपास CCTV कैमरे लगवाने शुरू किए थे। मंगलवार सुबह CCTV में युवक को पाइप काटते हुए देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी गई।
कारोबारियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और कॉपर पाइप चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




