Manchester, England: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ‘विमेन इन ब्लू’ ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूती दी है। भारत की इस जीत में सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अहम भूमिका निभाई और 34 गेंदों पर 53 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया।

Read more: स्मृति-शेफाली का तूफान, नीदरलैंड को 95 रन से रौंदकर भारत की रिकॉर्ड जीत

ग्रुप-ए में भारतीय टीम अब चार मैचों में तीन जीत के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। टीम का अंतिम लीग मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया अपने सभी चार मुकाबले जीतकर शीर्ष पर काबिज है, जबकि दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों में दो जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश चौथे स्थान पर मौजूद है, जबकि पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीमें खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।

बांग्लादेश ने बनाए 136 रन

एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने महज 8 रन पर दिलारा अख्तर (4) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद शोभना मोस्तरी और जुएरिया फिरदौस ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 51 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

जुएरिया फिरदौस ने 31 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद कप्तान निगार सुल्ताना ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने शोभना मोस्तरी (22) और शर्मिन अख्तर (10) के साथ उपयोगी साझेदारियां करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। निगार सुल्ताना ने 27 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 32 रन बनाए। निर्धारित 20 ओवर में बांग्लादेश ने 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन का स्कोर खड़ा किया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में राधा यादव सबसे सफल रहीं। उन्होंने 28 रन देकर तीन विकेट झटके। श्री चरणी ने दो विकेट हासिल किए, जबकि रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

शेफाली ने रखी जीत की मजबूत नींव

137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े। हालांकि मंधाना 8 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन शेफाली ने रन गति को बनाए रखा।

उन्होंने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन की अहम साझेदारी की और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शेफाली ने 34 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके आउट होने के बाद भारतीय टीम ने 98 रन तक चार विकेट गंवा दिए, जिससे मुकाबला कुछ समय के लिए रोचक हो गया।

हरमनप्रीत और जेमिमा ने दिलाई जीत

मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिगेज ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़े। जेमिमा ने 15 गेंदों पर 26 रन की उपयोगी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 13 रन बनाए और दीप्ति शर्मा (नाबाद 5) के साथ मिलकर टीम को 16.5 ओवर में जीत दिला दी।

बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने दो विकेट लिए। इसके अलावा मारुफा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर को एक-एक विकेट मिला। भारत की यह जीत टूर्नामेंट के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है और अब टीम की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अंतिम लीग मुकाबले पर रहेगी।

Share.
Exit mobile version