चैनपुर (गुमला): चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और कच्ची सड़कों की समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने उपायुक्त, गुमला को पत्र सौंपकर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मेरी लकड़ा ने बताया कि चैनपुर पंचायत क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल हैं। बारिश के मौसम में इनकी स्थिति और खराब हो जाती है। जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। इसका असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने उपायुक्त से आनंदपुर–चैनपुर–कुरुमगढ़ मुख्य सड़क से हुक्का पहाड़ जाने वाले करीब डेढ़ किलोमीटर मार्ग के निर्माण, एमएलए रोड स्थित पीपल चौक से सोहन चौक तक सड़क की मरम्मत, प्रेमनगर मुख्य सड़क से नीचे बस्ती तक करीब एक किलोमीटर मार्ग के निर्माण तथा आंगनबाड़ी भवन के पश्चिमी हिस्से में स्थित रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की है।
इसके अलावा ब्लॉक मोड़ से ग्रोटो मोड़ तक करीब एक किलोमीटर सड़क की स्थिति भी बेहद जर्जर होने की बात कही गई है। मेरी लकड़ा के अनुसार यह सड़क करीब पांच वर्षों से खराब है। यह मार्ग बाजार, स्कूल सहित गुमला आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है।
जिला परिषद सदस्य ने उपायुक्त से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित सड़कों का आवश्यक निरीक्षण कराकर जल्द निर्माण एवं मरम्मत की दिशा में पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।




