Washington, (US): वाशिंगटन में व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कुख्यात अपराधी जेफ्री एपस्टीन के पुराने संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं पर आधिकारिक सफाई दी है। प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने बहुत पहले ही एपस्टीन से दूरी बना ली थी। लेविट के अनुसार, ट्रंप ने एपस्टीन के ‘अनुचित व्यवहार’ के कारण उसे अपने मार-ए-लागो क्लब से बाहर निकाल दिया था और यह बात राष्ट्रपति लंबे समय से सार्वजनिक रूप से कहते रहे हैं।
हाल ही में सामने आए कुछ दस्तावेजों में साल 2000 के शुरुआती दौर में ट्रंप और पाम बीच के पुलिस प्रमुख के बीच एक कथित फोन कॉल का जिक्र है। इस पर लेविट ने कहा कि उन्हें इस कॉल की पुख्ता जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एपस्टीन के साथ ट्रंप के संबंध सालों पहले ही पूरी तरह खत्म हो चुके थे। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि यौन तस्करी के मामले में दोषी घिसलेन मैक्सवेल को माफी देने का फिलहाल कोई विचार नहीं है।
इस खबर को भी पढ़ें : एपस्टीन फाइल्स का ‘ग्लोबल ब्लास्ट’! 10 देशों में गिरे इस्तीफे, शाही परिवार भी रडार पर
प्रशासन ने वाणिज्य मंत्री (कॉमर्स सेक्रेटरी) हॉवर्ड लटनिक के प्रति भी अपना पूरा भरोसा जताया है। लटनिक ने हाल ही में कैपिटल हिल में गवाही के दौरान एपस्टीन से अपने पुराने संपर्कों की बात स्वीकार की थी, जिसे लेकर सवाल उठ रहे थे। लेविट ने कहा कि लटनिक राष्ट्रपति की टीम के बेहद अहम सदस्य हैं और उन्हें पूर्ण समर्थन प्राप्त है।
प्रेस सचिव ने पारदर्शिता का हवाला देते हुए बताया कि एपस्टीन और उसके अपराधों से जुड़े 30 लाख से ज्यादा दस्तावेज सार्वजनिक किए गए हैं, जो सच्चाई सामने लाने की प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इसके साथ ही, व्हाइट हाउस ने अपनी आर्थिक और सीमा सुरक्षा की उपलब्धियों को भी गिनाया। लेविट ने बताया कि डॉव इंडेक्स पहली बार 50 हजार के पार पहुंचा है और पिछले नौ महीनों से दक्षिणी बॉर्डर पर अवैध घुसपैठ का कोई मामला सामने नहीं आया है।
इस खबर को भी पढ़ें : क्या इजरायल का जासूस था जेफरी एपस्टीन? मोसाद कनेक्शन पर मची खलबली



