भागलपुर। सन्हौला प्रखंड की सिलहन खजुरिया पंचायत के बेलडीहा गांव के वार्ड नंबर 12 में सड़क और जलनिकासी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। अनिल साह के घर से सुखो ठाकुर के घर तक करीब 200 फीट लंबी कच्ची गली में बारिश के बाद पानी भर जाता है। हल्की बारिश में भी गली तालाब जैसी हो जाती है।
ग्रामीण रामबली ठाकुर, अंकज साह, सुखो ठाकुर और कारू ठाकुर ने बताया कि गली में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। कई दिनों तक पानी जमा रहने से सड़क पर कीचड़ हो जाता है। इससे लोगों को पैदल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी और कीचड़ के कारण बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में लिखित आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने जल्द सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में सन्हौला के प्रखंड विकास पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। स्थल की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद पक्की सड़क और जलनिकासी के लिए नाली निर्माण की कार्रवाई की जाएगी।




