Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित विजया गार्डन में फिर एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। लैवेंडर-24 टॉवर के फ्लैट नंबर 83 में रहने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी ज्योति सिंह और उनकी पत्नी निधि सिंह, जो टेल्को स्थित वैलीव्यू स्कूल में शिक्षिका हैं, के घर से चोरों ने करीब 60 लाख रुपये मूल्य के गहने और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

घटना गुरुवार सुबह की है। निधि सिंह रोजाना की तरह सुबह 9 बजे बच्चों को स्कूल छोड़ने गईं थीं। दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर के सभी कमरे अस्त-व्यस्त पड़े हैं। बेडरूम की अलमारी खोलने पर उन्हें पता चला कि उसमें रखे सोने-चांदी के सारे गहने और नकदी गायब हैं।

फिर उभरे सुरक्षा पर सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध पकड़ा नहीं गया है। बताया जा रहा है कि उसी टॉवर के एक और फ्लैट में भी चोरी की कोशिश की गई, मगर वहां असफल रहे।

इस वारदात के बाद विजया गार्डन के निवासियों में गुस्सा और भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं, बल्कि डेढ़ साल पहले भी छह फ्लैटों में करोड़ों की चोरी हुई थी। लोगों ने कहा कि “फ्लैट्स करोड़ों के हैं, लेकिन सुरक्षा जीरो है।” निवासियों ने प्रशासन और बिल्डर प्रबंधन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Share.
Exit mobile version