अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Lohardaga : उपायुक्तडॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में बुधवार को परिवहन विभाग और राजस्व वसूली से संबंधित बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए कई सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला और प्रखंड स्तर पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चालकों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपायुक्त ने स्पीड ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड मोटरसाइकिलों की भी जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में ऑटो चालकों के लिए एक निश्चित स्टैंड तय किया जाए ताकि अव्यवस्था न फैले। साथ ही, ऑटो चालकों को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया।
डॉ. ताराचंद ने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों को आपदा प्रबंधन या हिट एंड रन योजना के तहत मुआवजा दिलाया जाए। वहीं, जिनके वाहन बीमित हैं, उनके मामलों को मोटर वाहन दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण में समय पर प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में भी नियमित हेल्मेट चेकिंग अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सरकारी कर्मियों से आर्थिक दंड वसूलने के निर्देश दिए।

