Bokaro: सेक्टर-3 स्थित बोकारो पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा वैष्णवी त्रिपाठी ने प्रतिष्ठित मिस झारखंड 2026 का खिताब जीतकर विद्यालय, अपने माता-पिता और पूरे बोकारो जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता डब्ल्यू ए एम एस मॉडलिंग इंस्टीट्यूट, रांची द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कड़े मुकाबले के बाद हासिल किया खिताब

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद वैष्णवी त्रिपाठी ने अपने उत्कृष्ट व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रतिभा के दम पर मिस झारखंड 2026 का ताज अपने नाम किया।

स्कूल के दिनों से था मॉडलिंग का जुनून

विद्यालय के अनुसार, वैष्णवी त्रिपाठी का फैशन और मॉडलिंग के प्रति रुझान स्कूली जीवन से ही दिखाई देता था। पढ़ाई के दौरान उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की। अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व के बल पर उन्होंने कक्षा 12 के विदाई समारोह में “मिस बोकारो पब्लिक स्कूल” का सम्मान भी प्राप्त किया था।

प्राचार्या ने दी बधाई

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुधा शेखर ने वैष्णवी त्रिपाठी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वैष्णवी की सफलता विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैष्णवी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगी।

विद्यालय परिवार ने जताया गर्व

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने वैष्णवी को शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनकी सफलता को समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम बताते हुए इसे बोकारो पब्लिक स्कूल परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।

Share.
Exit mobile version