रांची: अल्बर्ट एक्का चौक पर शुक्रवार शाम JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच की ओर से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। मंच का आरोप है कि कुछ JMM कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से पुतला छीन लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद किया जा रहा था प्रदर्शन
रिफॉर्म्स मंच के नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए पुतला दहन कार्यक्रम रखा गया था। मंच के अनुसार, छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे।
इसी दौरान JMM कार्यकर्ता वहां पहुंचे और पुतला छीनने लगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
प्रशासन की भूमिका पर भी उठाए सवाल
रिफॉर्म्स मंच ने आरोप लगाया कि JMM कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के कारण कार्यक्रम का माहौल खराब हुआ। मंच ने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए घटना पर नाराजगी जताई।
हालांकि, इस मामले में अभी तक JMM की ओर से लगाए गए आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




