Ranchi : पुलिस ने आम नागरिकों को राहत देते हुए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत जगरनाथपुर थाना क्षेत्र से गुम हुए करीब 50 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस की टीमों ने यह सफलता हासिल की। रविवार को जगरनाथपुर थाना परिसर में आयोजित मोबाइल वितरण समारोह के दौरान गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा, जगरनाथपुर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि थाना क्षेत्र में अलग-अलग समय पर दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों के आधार पर मोबाइल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के अंतर्गत तकनीकी जांच, सीडीआर विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने विभिन्न इलाकों से मोबाइल फोन खोज निकाले।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने रांची पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियानों से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें।



