Ramgarh : रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चुट्टूपालू घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार हाईवा (UP 64 BT 6132) ने बाइक (JH 24 A 3202) सवार को पीछे से रौंद दिया। मृतक की पहचान बारकेश्वर महतो (40 वर्ष), निवासी सोसो सिंदवार गांव के रूप में की गई है।
हादसे के बाद भागने की कोशिश में हाईवा चालक ने आगे जा रही क्रेटा कार (UP 32 QJ 8984) को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत हाईवा को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रामगढ़ पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने एनएच-33 को जाम कर दिया। वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जाम के कारण टोल प्लाजा से लेकर रामगढ़ शहर तक लंबी वाहनों की कतार लग गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा एक अन्य ट्रक दुर्घटना के कारण हुआ डस्ट से बचने की कोशिश में हाईवा के अनियंत्रित होने से हुआ। सड़क पर फैले मलबे के कारण हाईवा चालक ने वाहन मोड़ा और वह बाइक सवार को कुचलते हुए कार से जा टकराई। खबर लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है।



