World News: ब्रिटेन के ओल्डबरी कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां 20 साल की एक सिख युवती के साथ दो युवकों ने बलात्कार किया। इस दौरान आरोपी युवकों ने उस पर नस्ली टिप्पणियां भी कीं। पीड़िता के मुताबिक, हमलावरों ने कहा कि वह ‘अपने देश वापस चली जाए। पुलिस घटना को नस्ली आधार पर किया गया अपराध मान रही है। यह घटना बीते मंगलवार की सुबह करीब 8:30 बजे टेम रोड इलाके में हुई। पीड़िता ने बताया कि हमलावर लगातार नस्ली टिप्पणियां कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार दोनों आरोपी श्वेत पुरुष बताए जा रहे हैं। इसमें से एक का सिर मुंडा हुआ है और गहरे रंग का स्वेटशर्ट पहन रखा था, जबकि दूसरा ग्रे टॉप में था। इस घटना ने ब्रिटेन में सिख समुदाय को हिला दिया है। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि समुदाय की नाराजगी पूरी तरह जायज है और आश्वासन दिया कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी।
ब्रिटिश सांसद प्रीत कौर गिल ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, ‘यह बेहद हिंसक वारदात है और नस्ली आधार पर हमला है। हमलावरों ने पीड़िता से कहा कि वह यहां की नहीं है। लेकिन सच यह है कि वह यहां की है। सिख समुदाय सहित हर समुदाय को ब्रिटेन में सुरक्षित, सम्मानित और मूल्यवान महसूस करने का अधिकार है। नस्लवाद और स्त्री विरोधी मानसिकता की यहां कोई जगह नहीं है। इस तरह सांसद जस अथवाल ने भी वारदात को ‘घृणित, नस्ली और महिला विरोधी हमला’ बताकर कहा कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘देश में बढ़ते नस्ली तनाव की वजह से इसतरह के हमले हो रहे हैं, और अब एक युवती को ज़िंदगीभर का आघात झेलना पड़ेगा।



