अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Saraikela : जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कपाली ओपी थाना क्षेत्र के साततल्ला मैदान, डांगोडीह में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटा साजिद आजादनगर और कपाली क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ चांडिल अरविंद बिनहा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साततल्ला मैदान में छापेमारी की, जहां से साजिद को एक लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए। इसके अलावा उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि साजिद अंसारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट और अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 से 2024 के बीच चांडिल और आजादनगर थाना में उसके खिलाफ कुल पांच प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
एसपी ने कहा कि छोटा साजिद की गिरफ्तारी कपाली और आसपास के क्षेत्रों में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

