फॉण्ट कनवर्टर NEW

रेहला क्षेत्र में 24 घंटों के भीतर दो हादसे, दो परिवार उजड़ गए

Palamu News: पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। एक हादसा कधवन गांव में हुआ, जबकि

अपनी भाषा में पढ़ें

Palamu News: पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। एक हादसा कधवन गांव में हुआ, जबकि दूसरा बरवाडीह गांव के पास।

बरवाडीह में खेत जाते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

पहली घटना शनिवार रात बरवाडीह गांव के पास हुई, जहां 35 वर्षीय कन्हाई राम खेत की ओर जा रहे थे। वे घर के पास धान कटवाने के लिए पैदल ही निकले थे कि विश्रामपुर–बी मोड़ मार्ग पर अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

आनन-फानन में परिजन उन्हें विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें एमएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार रात उनकी मौत हो गई। कन्हाई बिजली मिस्त्री का काम करते थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

कधवन गांव में बाराती कार की चपेट में आए मजदूर

दूसरी घटना शनिवार शाम कधवन गांव के पास हुई। यहां 47 वर्षीय मजदूर हजरत अंसारी बाराती कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एमएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हजरत मजदूरी करके परिवार चलाते थे और उनके दो बेटे हैं। परिवार का एकमात्र सहारा होने के कारण उनकी मौत ने घर को पूरी तरह तोड़ दिया है। हादसे के बाद बाराती कार का चालक मौके से भाग गया, लेकिन कार को परिजनों ने पकड़कर रेहला थाना पुलिस को सौंप दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों घटनाओं के शवों का पोस्टमार्टम रविवार दोपहर एमएमसीएच में किया गया। पुलिस ने कहा कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है। एक हादसा अज्ञात वाहन से हुआ, जबकि दूसरे मामले में बाराती कार के चालक की तलाश की जा रही है।

इन दोनों हादसों ने फिर सवाल खड़ा किया है कि ग्रामीण सड़कों पर रफ्तार और लापरवाही किस तरह आम लोगों की जान ले रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram