अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : पिठौरिया थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार बढ़ रही गोवंश चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने गुरुवार की देर रात एक नई कार्रवाई को अंजाम दिया। पिठौरिया चौक पर चार युवकों ने कार से उतरकर गोवंश चोरी का प्रयास किया, लेकिन यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज मिलते ही थाना प्रभारी अभय कुमार ने तत्काल टीम गठित कर छानबीन शुरू की। जांच में यह सामने आया कि स्विफ्ट डिजायर (रजिस्ट्रेशन संख्या JH01AD1956) से आए चार युवक चोरी की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तत्परता और सक्रियता दिखाते हुए छापेमारी की और चार में से दो अभियुक्तों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। इस बात की जानकारी शनिवार को मीडिया के समक्ष रखा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वाहिद कुरैशी (35 वर्ष), पिता नईम कुरैशी और समीर कुरैशी (30 वर्ष), पिता खलील कुरैशी, दोनों निवासी कुरैशी मुहल्ला थाना लोवर बाजार, रांची के रूप में हुई है। वहीं, घटना में शामिल अन्य दो आरोपी मेहबुब अंसारी और साकिब कुरैशी, दोनों निवासी कुरैशी मुहल्ला थाना लोवर बाजार, रांची पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर वाहन (JH01AD1956) को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में गोवंश चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस की ओर से गश्ती और निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही, ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है और कहा है कि सीसीटीवी कैमरों की वजह से अपराधियों को पकड़ने में आसानी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी जिससे क्षेत्र में गोवंश चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।

