Jamshedpur : बहुप्रतीक्षित 79वां, 80वां और 81वां चैम्पियनशिप डॉग शो का भव्य आयोजन जमशेदपुर केनेल क्लब (जेकेसी) के तत्वावधान में 9 से 11 जनवरी तक जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में किया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन कैनाइन स्पोर्ट्स और डॉग ब्रीडिंग की दुनिया में एक बड़े उत्सव के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ देश–विदेश से आए वर्ल्ड-क्लास डॉग अपनी श्रेष्ठ शारीरिक बनावट, वंशावली, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेकेसी की प्रेसिडेंट रुचि नरेंद्रन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ओबीडिएंस प्रतियोगिता, लैब्राडोर स्पेशलिटी शो, बीगल स्पेशलिटी शो और ऑल ब्रीड्स चैम्पियनशिप शो का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन भारत और विदेश से आए अनुभवी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त जज करेंगे। जज पैनल में भारत के फिलिप बट और फिनलैंड की इरिना पोलेटाएवा प्रमुख आकर्षण रहेंगे, जिनका वैश्विक डॉग शो में लंबा अनुभव रहा है।
ओबीडिएंस प्रतियोगिता को देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में माना जाता है। इस बार इसमें कुल 39 डॉग भाग ले रहे हैं, जिनमें से 20 कुत्ते पोस्ट-ग्रेजुएट योग्यता स्तर के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि 7 डॉग साथी मूल्यांकन श्रेणी में शामिल होंगे। यह श्रेणी उन कुत्तों की है जो चिकित्सकीय सहायता एवं सेवा कार्यों में उपयोग किए जाते हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से डॉगों के अनुशासन, आज्ञापालन और प्रशिक्षण स्तर का आकलन किया जाएगा।
चैम्पियनशिप शो में कुल 326 डॉग ‘बेस्ट इन शो’ के खिताब के लिए रिंग में उतरेंगे। इस वर्ष 43 विभिन्न नस्लों की भागीदारी दर्ज की गई है। इसमें तिब्बती मास्टिफ, चाउ-चाउ, डोगो अर्जेंटिनो, इंग्लिश सेटर जैसी दुर्लभ और आकर्षक विदेशी नस्लें विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही भारतीय कैनाइन विरासत को प्रदर्शित करने के लिए कारवां हाउंड, कोंबाई, मुधोल, पश्मी और राजापलायम जैसी देसी नस्लें भी अपनी फुर्ती और विशेषताओं का शानदार प्रदर्शन करेंगी।
जेकेसी का विश्वास है कि यह आयोजन न केवल डॉग प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि जिम्मेदार डॉग-ब्रीडिंग और प्रशिक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



