Ranchi News: झारखंड में कुरमी-कुड़मी को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने की मांग के विरोध में शुक्रवार को रांची के प्रभात तारा मैदान में आदिवासी हुंकार रैली का आयोजन हुआ। आदिवासी बचाओ मोर्चा के बैनर तले रांची के अलावा खूंटी, लोहरदगा, गुमला, लातेहार सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में आदिवासी जुटे।

समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़े, तीर-धनुष और धार्मिक प्रतीकों के साथ जत्थों में रैली स्थल पहुंचे। मैदान में पारंपरिक झंडे-बैनर, संस्कृति की झलक और आदिवासियों की एकता की अद्भुत छवि देखने को मिली। भीड़ के मद्देनजर 100 से अधिक वालंटियर व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।

रैली में मुंडा, संथाल, उरांव, खड़िया, हो, बिरहोर समेत सभी 33 आदिवासी समुदायों के लोग शामिल हुए। मौके पर प्रेम शाही मुंडा ने कहा, “कुड़मी समाज की एसटी दर्जे की मांग असंवैधानिक है और आदिवासियों की अस्मिता पर हमला है। समाज अपनी पहचान और अधिकार की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करेगा।”

Share.
Exit mobile version