फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement

Advertisement

आदिवासी बहुल गेतुपानी गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

रायडीह (गुमला): विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच गुमला जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत नवागढ़ पंचायत का गेतुपानी गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। आदिवासी बहुल इस गांव के ग्रामीणों को आजादी के दशकों बाद भी पक्की सड़क, शुद्ध पेयजल,

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Advertisement

रायडीह (गुमला): विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच गुमला जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत नवागढ़ पंचायत का गेतुपानी गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। आदिवासी बहुल इस गांव के ग्रामीणों को आजादी के दशकों बाद भी पक्की सड़क, शुद्ध पेयजल, नियमित बिजली आपूर्ति और आंगनबाड़ी केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाएं नसीब नहीं हो सकी हैं। परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर गुमला उपायुक्त को मांग पत्र सौंपते हुए गांव की समस्याओं के समाधान की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार गेतुपानी गांव रायडीह प्रखंड मुख्यालय से मात्र पांच किलोमीटर दूर स्थित है, जहां करीब 31 परिवार निवास करते हैं। बावजूद इसके आज तक गांव को पक्की सड़क से नहीं जोड़ा जा सका है। ग्रामीण आज भी पथरीले और उबड़-खाबड़ रास्तों से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब गांव तक पहुंचने वाला पगडंडी मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाता है। सड़क की कमी का सबसे अधिक असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती है। किसी के बीमार होने या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की स्थिति में मरीज को बहंगी पर टांगकर करीब दो किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिसके बाद ही वाहन की सुविधा मिल पाती है। बिजली व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। लगभग दस वर्ष पूर्व गांव में पांच केवी का सोलर प्लांट लगाया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह अक्सर खराब रहता है। ग्रामीण चंदा जुटाकर उसकी मरम्मत कराते हैं, फिर भी पूरे गांव को पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं हो पाती। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे आज भी ढिबरी एवं लालटेन की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इसके अलावा गांव में बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण के लिए कोई आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द जलमीनार, पक्की सड़क, बिजली ग्रिड कनेक्शन और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था की जाए। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों से गांव का भौतिक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत देखने का आग्रह किया है। मांग पत्र सौंपने वालों में खेनती देवी, राजमुनी देवी, हीरामुनी देवी, उबा देवी, जयमती देवी, मुतली देवी, कृष्णा नगेसिया, मनोज नगेसिया, सुखनाथ नगेसिया, देवनाथ नगेसिया, सूरज राम, अनिता देवी, बुधरा राम, चुभानी देवी, सिकंदर राम, जिवन्ती देवी, मंगु राम, सुनिला नगेसिया सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram