फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची में 9 अगस्त को ट्रैफिक डायवर्जन, मोरहाबादी जाने से पहले जान लें रूट और पार्किंग

राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 9 और 10 अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का आयोजन होगा। महोत्सव और 9 अगस्त को निकलने वाली जतरा में बड़ी संख्या में

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 9 और 10 अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का आयोजन होगा। महोत्सव और 9 अगस्त को निकलने वाली जतरा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इन रास्तों पर रोक

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से SSP आवास मोड़ और SSP आवास से बापू वाटिका होते हुए मोरहाबादी तक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इन मार्गों से गुजरने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। भीड़ की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी डायवर्जन किया जा सकता है।

अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था

बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई पार्किंग जोन तय किए हैं। मोरहाबादी का यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान मुख्य पार्किंग स्थल रहेगा।

बोड़ेया रोड की ओर से आने वाले वाहन TRI मैदान/मंदिर मैदान में पार्क किए जा सकेंगे। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, RIMS और बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों के लिए DIG मैदान, बरियातू में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

शहर के अन्य हिस्सों से आने वाले वाहनों के लिए ATI मोड़ और यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

चारपहिया वाहन लेकर मोरहाबादी आने से बचें

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक, करमटोली और मोरहाबादी के आसपास अति आवश्यक होने पर ही चारपहिया वाहन लेकर आएं। प्रशासन का उद्देश्य महोत्सव के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखना और लोगों को परेशानी से बचाना है।

महोत्सव में आदिवासी संस्कृति, लोकनृत्य, लोकसंगीत, पारंपरिक खान-पान और कला-शिल्प के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जतरा में करीब 5,000 कलाकारों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram