रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी रांची में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ बड़ी संख्या में आम लोग, युवा और बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा में शामिल रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। हाथ में तिरंगा आते ही हर व्यक्ति के मन में देश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी एक साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा लगाते हैं, तो देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
संजय सेठ ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा करते हैं। कई जगहों पर बेहद कम तापमान में भी जवान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। देश और भारत माता उनके लिए सबसे ऊपर हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। तिरंगा केवल झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
संजय सेठ ने लोगों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक देश के प्रति अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देगा, तभी देश और मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकालकर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Read More : प्लाजा चौक के पास तेज रफ्तार कार ने सेना के वाहन में मारी टक्कर, तीन घायल




