पिठोरिया। पिठोरिया थाना के चारीहुजीर गांव स्थित राइट टू कीक फुटबॉल सेंटर के लिए सोमवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों प्रिंस महली, अंकित कुमार महतो एवं आर्यन कुमार साहू का चयन झारखंड की अंडर-14 एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) फुटबॉल टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी 12 से 17 नवंबर 2026 तक मध्य प्रदेश के छतरपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खास बात यह है कि तीनों खिलाड़ी साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। अंकित कुमार महतो के माता-पिता दोनों मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्रिंस महली के पिता भी मजदूरी का काम करते हैं।
आर्यन कुमार साहू भी सामान्य परिवार से आते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर तय किया है।
राइट टू कीक संस्था ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को फुटबॉल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है। संस्था का उद्देश्य ऐसे बच्चों को खेल से जोड़ना है, जिन्हें कम उम्र में ही बाल मजदूरी या घरेलू जिम्मेदारियों के कारण खेलने और आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता।
संस्था बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर, मजबूत और सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। लड़कियों के साथ-साथ लड़कों को भी उनके अधिकारों और सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक किया जाता है।
वर्तमान में राइट टू कीक संस्था चारीहुजीर, दुबलिया एवं विकास सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 150 से अधिक बच्चों को फुटबॉल का प्रशिक्षण दे रही है। संस्था का प्रयास है कि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच और मार्गदर्शन देकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाए।
तीनों खिलाड़ियों के चयन पर राइट टू कीक के संस्थापक आनंद गोप, कोच सनी मुंडा एवं रीति कुजूर, हुंदूर पंचायत की मुखिया रजनी देवी तथा ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।







