रांची: सावन माह के मौके पर मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से तीन दिवसीय ‘सावन मेला-शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को अपर बाजार स्थित अग्रसेन भवन में लगेगा। मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आम लोगों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को बढ़ावा देना है। मेले में महिला व्यवसायियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बिक्री करने का अवसर मिलेगा। साथ ही शहरवासियों को एक ही जगह पर खरीदारी और मनोरंजन की सुविधा मिलेगी।
मेले में लगेंगे कई आकर्षक स्टॉल
आयोजकों के अनुसार मेले में डिजाइनर फैशन, एथनिक कपड़े, ज्वेलरी, हस्तशिल्प, गृह सज्जा के सामान, राखी, लड्डू गोपाल के वस्त्र और श्रृंगार सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा होममेड फूड, चाट-पकवान और मिठाइयों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
बच्चों के लिए गेम्स और फोटो जोन की व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों ने बताया कि इस बार मेले में स्टॉल की संख्या और उत्पादों की विविधता पहले से अधिक होगी। सभी स्टॉल बुक हो चुके हैं।
शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल, सचिव रेखा राईका और कोषाध्यक्ष स्मिता अग्रवाल ने शहरवासियों से परिवार के साथ मेले में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी से महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ेगा। इसकी जानकारी शाखा की मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने दी।




