रांची। मारवाड़ी युवा मंच समर्पण शाखा की ओर से अग्रसेन भवन, अपर बाजार में आयोजित तीन दिवसीय सावन मेला रविवार को संपन्न हो गया। शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित मेले में रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, भागलपुर, कोलकाता, सूरत और आसपास के क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने 75 से अधिक स्टॉल लगाए।
मेले में हस्तनिर्मित कपड़े, राखियां, लड्डू गोपाल की पोशाक, पर्स, बंदनवार, आभूषण, साड़ियां, गिफ्ट आइटम, बेकरी उत्पाद और विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए थे। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेले में पहुंचकर खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह में बेस्ट स्टॉल, बेस्ट सेल्समैनशिप और बेस्ट डेकोरेशन के पुरस्कार भी दिए गए। शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी स्टॉल संचालकों, आगंतुकों और सहयोगियों का आभार जताया।
आयोजन को सफल बनाने में सचिव रेखा रायका, कोषाध्यक्ष स्मिता अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजिका रोजी खंडेलवाल, कविता सोमानी, अनीता सोमानी, कुशा जालान, रितु पोद्दार और शाखा की अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने दी।




