फॉण्ट कनवर्टर NEW

डीसी ऑफिस से 50 मीटर दूर चोरों का कहर, गैस कटर से आधा दर्जन दुकानों में चोरी

Jamshedpur News: एक ओर जहां शहर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय से सटे इलाके में हुई चोरी की बड़ी वारदात ने इन दावों की

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News:  एक ओर जहां शहर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय से सटे इलाके में हुई चोरी की बड़ी वारदात ने इन दावों की पोल खोल दी है। उपायुक्त कार्यालय से महज चंद फरलांग की दूरी पर शुक्रवार की रात चोरों ने बेखौफ होकर आधा दर्जन से अधिक फुटपाथी दुकानों में सेंधमारी कर इलाके में सनसनी फैला दी।
यह घटना साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जुबिली पार्क गेट के समीप की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार देर रात चोर गैस कटर के साथ मौके पर पहुंचे और एक-एक कर दुकानों के ताले काटते चले गए। चोरों ने नकदी के साथ-साथ दुकानों में रखे सामान पर भी हाथ साफ किया। शनिवार सुबह जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर अन्य दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए।
जिन दुकानों को निशाना बनाया गया है, उनमें अभिनाश कुमार की पान दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, सदन केवट की लिट्टी दुकान, बाबुनंद की चाय दुकान और विष्णु की पान दुकान सहित अन्य फुटपाथी दुकानें शामिल हैं। सभी दुकानदार चोरी गए सामान और नकदी का आकलन करने में जुटे हुए हैं और नुकसान को लेकर खासे परेशान नजर आ रहे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की यह वारदात जिला प्रशासन के केंद्र माने जाने वाले उपायुक्त कार्यालय से करीब पचास मीटर की दूरी पर हुई है। इतना व्यस्त और संवेदनशील इलाका होने के बावजूद चोरों का इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों से पूछताछ कर चोरों की पहचान में जुटी हुई है। इस घटना के बाद फुटपाथी दुकानदारों में भय का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जता रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram