फॉण्ट कनवर्टर NEW

स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक चाक-चौबंद होगी सुरक्षा, प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को दिया अंतिम रूप

रांची: राजधानी में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के तुरंत बाद, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने चुनावी मशीनरी को पूरी तरह अलर्ट मोड पर डाल दिया है। शनिवार को रांची समाहरणालय के G-14

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राजधानी में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के तुरंत बाद, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने चुनावी मशीनरी को पूरी तरह अलर्ट मोड पर डाल दिया है। शनिवार को रांची समाहरणालय के G-14 सभागार में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के सफल संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

कोषांगों की गहन समीक्षा और दिशा-निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्वाचन से जुड़े सभी 13 प्रमुख कोषांगों (कार्मिक, परिवहन, विधि-व्यवस्था, व्यय अनुश्रवण आदि) के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा, “निर्वाचन प्रक्रिया का प्रत्येक चरण पारदर्शी और निष्पक्ष होना चाहिए। आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि त्रुटि की कोई संभावना न रहे”

ट्रांसपोर्ट नगर में ‘किले’ जैसी सुरक्षा

बैठक का एक मुख्य केंद्र ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की तैयारियां रहीं। उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन और आवागमन की सुविधाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को अभेद्य बनाने और मतगणना के दिन भीड़ प्रबंधन के लिए अभी से ब्लू प्रिंट तैयार करने को कहा गया है।

शिकायत के लिए ‘अबुआ साथी’ तैयार

प्रशासन ने चुनाव के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया है। यदि किसी नागरिक को आचार संहिता के उल्लंघन या चुनाव संबंधी कोई शिकायत है, तो वह रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) पर संपर्क कर सकता है। बैठक में सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराएं। इस बैठक ने यह साफ कर दिया है कि रांची प्रशासन न केवल मतदान, बल्कि मतगणना और सामग्री वितरण के लिए भी पूरी तरह तैयार है, ताकि लोकतंत्र का यह उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram