गुमला न्यूज़ (पालकोट): पालकोट प्रखंड में नागपुरी लोक संस्कृति, संगीत और परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से 10 जनवरी 2026 को भव्य ठेठ नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माघ जातरा लिटिम (पालकोट) के तत्वावधान में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

इस खबर को भी पढ़ें : बाघिमा पंचायत में DAWN शिविर, युवाओं को नशा छोड़ने का संदेश

आयोजन समिति के अनुसार, इस रंगारंग कार्यक्रम में नागपुरी लोकगीतों के कई चर्चित गायक और गायिकाएं अपनी प्रस्तुति देंगी। रत्न बड़ाइक, मुन्ना देवी और रजनी कुमारी जैसे लोकप्रिय कलाकार मंच पर अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेंगे। पारंपरिक ढोल-नगाड़े, मंदर की थाप और नागपुरी नृत्य इस कार्यक्रम की खास पहचान होंगे।

वाद्य संगीत की जिम्मेदारी लिटिल स्टार म्यूजिकल ग्रुप, सिमडेगा को सौंपी गई है। वहीं मंदर सम्राट हुलास महतो की प्रस्तुति और प्रसिद्ध नागपुरी नृत्य कलाकार सारिका नायक का नृत्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजकों का दावा है कि यह कार्यक्रम नागपुरी संस्कृति प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

आयोजन समिति में अध्यक्ष बालमुकुंद महतो, उपाध्यक्ष सुमित सिंह, सचिव राधेश्याम साहू, उप सचिव दिल मोहन साहू और कोषाध्यक्ष रमेश सिंह शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिलीप साहू होंगे, जबकि विशेष संरक्षक के रूप में आशीष साहू का सहयोग प्राप्त है। ध्वनि व्यवस्था ज़ीशान साउंड सिस्टम, पालकोट संभालेगा और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निरंजन पालकोट को दी गई है।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नागपुरी लोक संस्कृति के इस महोत्सव को सफल बनाएं।

रिपोर्ट- रोहित कुमार साहू

Share.
Exit mobile version