देवघर: देवघर सर्किट हाउस में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के सहयोगी के कमरे में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया। आरोप है कि कमरे में तैनात कुछ कर्मचारियों की मौजूदगी के दौरान कमरे को खोला गया और सामान निकालने की कोशिश की गई।
बाबूलाल मरांडी गिरिडीह से देवघर पहुंचे थे और सर्किट हाउस में ठहरे थे। उनके साथ सुरक्षा और निजी कार्यों से जुड़े कर्मचारी और सहयोगी भी वहां ठहरे हुए थे।
बैग खोलकर सामान निकालने का प्रयास
मिली जानकारी के अनुसार, बाबूलाल मरांडी के सहयोगी नित्यक्रिया और भोजन के लिए कमरे में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर कमरे को खोलकर सामान निकालने का प्रयास किया गया।
घटना का पता तब चला, जब बाबूलाल मरांडी के मीडिया सलाहकार विनय मुर्मू अपने कमरे में पहुंचे। उन्होंने कथित तौर पर एक व्यक्ति को बैग खोलते और सामान निकालने का प्रयास करते देखा। विनय मुर्मू और उनके सहयोगियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से भाग गया।
सर्किट हाउस प्रबंधन कर रहा जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सर्किट हाउस के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। प्रबंधन के अनुसार, खीरू पंडित नामक युवक पर सामान चोरी करने के प्रयास का आरोप है।
सर्किट हाउस के इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों के पहुंचने के कारण किसी सामान की चोरी नहीं हुई है। हालांकि, चोरी के प्रयास की बात सामने आई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद देवघर सर्किट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रबंधन मामले की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कमरे को किसने खोला और चोरी के प्रयास में कौन-कौन लोग शामिल थे।




