पलामू: झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ नावा बाजार थाना क्षेत्र के सोहदाग खुर्द गांव में शुक्रवार दोपहर कुदरत ने कहर बरपाया। तेज आंधी और झमाझम बारिश के बीच अचानक हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक 35 वर्षीया महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चियां गंभीर रूप से झुलस गईं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। पानी से बचने के लिए सुनीता देवी (35) अपने परिवार की बच्चियों के साथ पास के ही एक पेड़ के नीचे छिप गईं। इसी दौरान अचानक उस पेड़ पर काल बनकर आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात इतना जोरदार था कि सुनीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे में मृतक महिला की बेटी डिम्पल कुमारी (10), जय सिंह की बेटी रिंकी कुमारी (12) और विनय सिंह की महज 5 वर्षीय बेटी पिंकी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। आनन-फानन में सभी घायल बच्चियों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया कमला देवी, सामाजिक कार्यकर्ता दामोदर चौधरी और अनूप कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इधर, नावा बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

Share.
Exit mobile version