World News: अमेरिका के टेनेसी राज्य में शुक्रवार सुबह एक सैन्य विस्फोटक संयंत्र में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई। इस भीषण विस्फोट में 19 लोगों के मारे जाने या लापता होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और राहत कार्य जारी हैं।

हम्फ्रीज काउंटी के शेरिफ क्रिस डेविस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिलहाल 19 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि यह जगह “अब तक देखी गई सबसे विनाशकारी घटनाओं” में से एक है। डेविस ने बताया कि विस्फोट का मलबा आधा वर्ग मील तक फैला हुआ है और हालात बेहद भयावह हैं।

शेरिफ डेविस ने कहा, “यह हादसा इतना भीषण था कि कुछ भी बचा नहीं। चारों तरफ सिर्फ मलबा है। पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।” उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाके की वजह क्या थी।

हिकमैन काउंटी के मेयर जिम बेट्स ने बताया कि करीब 13 लोगों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। कई एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं, जिनमें फायर डिपार्टमेंट, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें शामिल हैं।

शेरिफ कार्यालय ने बताया कि धमाके के बाद आग लग गई थी, जिसे काबू में लाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल अधिकारियों को आशंका है कि वहां और भी विस्फोटक सामग्री मौजूद हो सकती है, इसलिए जांच टीमें सावधानी से काम कर रही हैं।

डेविस ने बताया कि सुबह लगभग 7:45 बजे स्थानीय समयानुसार धमाका हुआ था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अल्कोहल, तंबाकू, फायरआर्म और विस्फोटक ब्यूरो, होमलैंड सुरक्षा विभाग और टेनेसी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन कर रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें, क्योंकि मलबा और धुआं अब भी फैल रहा है। हादसे के बाद पूरे टेनेसी राज्य में शोक की लहर है।

Share.
Exit mobile version