Ranchi : रांची जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में 14वीं रांची जिला खो-खो चैंपियनशिप 2025 का आयोजन आगामी 8 और 9 नवंबर को किया जाएगा। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है।

रांची जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष संतोष प्रसाद ने गुरुवार को जानकारी दी कि प्रतियोगिता का आयोजन पुराने झारखंड विधानसभा परिसर स्थित जगन्नाथपुर थाना मैदान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह जिला स्तरीय चैंपियनशिप रांची जिले के सभी इच्छुक विद्यालयों, क्लबों और प्रखंड स्तरीय टीमों के लिए खुली है।

चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन समिति ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैदान की साफ-सफाई, आवास और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे, जिससे जिले में खो-खो खेल को बढ़ावा मिलेगा।

रांची जिला खो-खो संघ का यह प्रयास ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक मंच देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। संघ का कहना है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन का मौका मिलेगा।

Share.
Exit mobile version