पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। शनिवार से टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो गया। पहली बार ट्रेन के रुकने पर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया और लोगों ने गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया।
ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया सहित कई जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने ट्रेन का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।
क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन: सांसद जोबा माझी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह जनता के लगातार संघर्ष और सामूहिक प्रयासों की जीत है। इसके साथ ही उन्होंने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए रेल ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सारंडा सवारी गाड़ी नियमित चलाने की मांग: विधायक जगत माझी
वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कि कोविड से पहले वाली रेल सुविधाओं को बहाल कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली ‘सारंडा सवारी गाड़ी’ को नियमित चलाने की मांग की और कहा कि इसका परिचालन बार-बार बंद होना गरीब व मध्यम वर्ग के यात्रियों के साथ अन्याय है। उन्होंने रेल मंडल से क्षेत्र में अन्य जरूरी रेल सुविधाएं भी बढ़ाने की मांग रखी।




