Ranchi: रांराजधानी रांची से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराध समाज के माथे पर एक गहरा कलंक हैं। तमाड़ थाना क्षेत्र में जिस तरह एक मासूम को चावल पिसवाने के बहाने सुनसान जंगल में ले जाकर दरिंदगी का शिकार बनाया गया, उसने एक बार फिर इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। तमाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में रांची पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन कर इस सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है।
Read more: पढ़ाई का भरोसा देकर रांची लाई गई किशोरी, कांग्रेस विधायक पर दु’ष्कर्म का आरोप
क्या था पूरा मामला और कैसे हुआ खुलासा?
घटना 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि तामराना गांव के जंगल में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया है। सूचना मिलते ही पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर तमाड़ थाने में कांड संख्या-73/26, धारा 65(2) BNS और 5/6 POCSO Act के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशानुसार ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और बुंडू के अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों (Human and Technical Evidences) का संकलन करते हुए त्वरित कार्रवाई की और मामले के प्राथमिक अभियुक्त लखविन्द्र मुण्डा को धर दबोचा।
आरोपी की स्वीकारोक्ति और बरामदगी
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त लखविन्द्र मुण्डा (पिता- लखीराम मुण्डा, निवासी- तामराना, थाना- तमाड़) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह पीड़िता को पहले से जानता था। घटना के दिन उसने बच्ची को चावल का आटा मिल से पिसवाकर लाने का बहाना बनाया, लेकिन उसे मिल ले जाने के बजाय एक सुनसान जंगल में ले गया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में आरोपी के पास से घटना से जुड़े साक्ष्य के रूप में मिट्टी लगा शर्ट और अन्य कपड़े भी जब्त किए हैं। इस पूरी छापेमारी और उद्भेदन प्रक्रिया में बुंडू के एसडीपीओ सहित तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो और अन्य पुलिस अधिकारी व सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है।









