होशियारपुर/पंजाब: पंजाब पुलिस ने टांडा पुलिस स्टेशन के पूर्व SHO और निलंबित इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को अंतरराष्ट्रीय रंगदारी और रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय (NRI) परिवार को झूठे हत्याकांड में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की वसूली का गंभीर आरोप है।
इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ अमेरिकी जांच एजेंसी ऑपरेशन हार्ड बॉल की जांच के दौरान हुआ। इसके अनुसार, भारत की जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के सिंडिकेट और गैंगस्टरों के साथ मिलकर इंस्पेक्टर नागरा ने अमेरिका (लॉस एंजिल्स) में बसे एक भारतीय परिवार को पंजाब में दर्ज मर्डर केस में नामजद करने की धमकी दी थी। आरोपियों ने उनसे लगभग $4,00,000 (करीब 3.8 करोड़ रुपये) की फिरौती की मांग की थी।
मामला सामने आने पर पंजाब पुलिस ने उच्चस्तरीय जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण से पुष्टि हुई कि आरोपी पूर्व SHO नागरा ने पीड़ित NRI परिवार से 16 लाख रुपये की रिश्वत ली थी। इसके आधार पर पंजाब पुलिस ने नागरा को तुरंत पुलिस लाइन ट्रांसफर किया, फिर निलंबित करते हुए 17-18 जुलाई की रात गिरफ्तार कर लिया।
नागरा के खिलाफ टांडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी अब इस पूरे अंतरराष्ट्रीय रंगदारी सिंडिकेट में शामिल अन्य कड़ियों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रहे हैं।




