रांची: राजधानी के जलाशयों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले डैमों के अस्तित्व को बचाने के लिए रांची नगर निगम अब ‘फुल एक्शन’ मोड में आ गया है। शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार के नेतृत्व में वार्ड संख्या-01 स्थित प्रसिद्ध कांके डैम के जलग्रह क्षेत्र (कैचमेंट एरिया) का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सीएमपीडीआई मुख्य गेट के ठीक सामने डैम की जमीन पर अतिक्रमण की गंभीर स्थिति देखी गई। जांच टीम ने पाया कि कैचमेंट एरिया में नियमों को ताक पर रखकर 9 भवनों का अवैध निर्माण किया गया है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन सभी भवनों को चिन्हित किया और संबंधित मालिकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अपर प्रशासक ने दी सख्त चेतावनी

अपर प्रशासक संजय कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जलाशयों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नोटिस के जरिए संबंधित लोगों को अपने मालिकाना हक और निर्माण से जुड़े दस्तावेज पेश करने का एक मौका दिया जाएगा। यदि जांच में दस्तावेज अवैध पाए गए या निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में आया, तो बिना किसी देरी के इन ढांचों को ध्वस्त करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

Share.
Exit mobile version