Ranchi ; झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को बीजेपी विधायकों ने सदन के अंदर और बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बीजेपी विधायकों ने हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कई मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
प्रश्नकाल के दौरान सदन से अनुपस्थित रहने वाले विधायकों पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सवाल पूछकर सदन में मौजूद नहीं रहना संसदीय व्यवस्था के लिहाज से सही परंपरा नहीं है।
वहीं, सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 8,399 करोड़ 31 लाख 11 हजार रुपये का अनुपूरक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट पर चर्चा के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य की आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़े सदन में रखे।
वित्त मंत्री ने कहा कि साल 2024 में शुरू की गई ‘मंईयां सम्मान योजना’ से राज्य की आय और प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार, योजना शुरू होने के बाद झारखंड की औसत विकास दर करीब 7.02 प्रतिशत रही है। वहीं, मौजूदा कीमतों पर राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,16,663 रुपये हो गई है।
सदन में विधायकों के आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठा। इस मामले में सरकार के जवाब पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने असंतोष जताया।
मंत्री दीपक बिरुआ ने बताया कि विधायकों के आवास निर्माण के लिए एक ही जगह पर जमीन उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि नगड़ी, नामकुम, रातू और ओरमांझी में जमीन चिह्नित की गई है। गृह निर्माण सहकारिता समिति को इसकी जानकारी दे दी गई है और अनुमति मिलने के बाद जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
read more ; पति-पत्नी में झगड़े के बाद माहौल कैसे बनाएं सामान्य? जानें आसान तरीके




