Ranchi News: झारखंड में ठंड ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी है। राजधानी रांची में सोमवार को धूप तो दिखाई दी, लेकिन ठंडी और तेज कनकनी हवाओं के कारण उसका असर न के बराबर रहा। सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा और लोगों के चेहरे पर ठंड की परेशानी साफ नजर आई।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने हालात और मुश्किल बना दिए। अधिकांश जिलों में दिनभर सूरज की किरणें नजर नहीं आईं। धूप नहीं निकलने और ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन ज्यादा महसूस की गई। रांची के साथ-साथ कोल्हान प्रमंडल के सभी जिलों में मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा रहा।
इस खबर को भी पढ़ें : झारखंड में बदला मौसम का मिज़ाज, बादल और हवा से बढ़ी कनकनी
मौसम विभाग ने सोमवार को भी झारखंड के 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में कोहरे का असर ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। सोमवार को झारखंड का अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ठंड और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के संकेत नहीं दिए हैं।



