Ramgarh: चर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड में रामगढ़ पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता सुमित कुमार सोनी और उसके सहयोगी अभिषेक कुमार साव को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर हुई गिरफ्तारी
रामगढ़ थाना कांड संख्या 205/2026 (दिनांक 29 जुलाई 2026) के तहत दर्ज मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अकरम रजा और थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित SIT कर रही थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय आसूचना के आधार पर सबसे पहले सूरज कुमार दास उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर 1 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा था।
पूछताछ और आगे की जांच में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार सोनी (23 वर्ष) और अभिषेक कुमार साव (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ के निवासी हैं।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (JH-24P-4489) बरामद की है। पुलिस के अनुसार, इन बरामदगी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
SIT टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक अकरम रजा, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय, तकनीकी शाखा के मो. नौशाद, दिलीप वर्णवाल, मंजेश कुमार, सुमंत कुमार राय, बिरबल हेम्ब्रम, विकाश कुमार, मनीष कुमार सिंह, जॉनी कुमार, रोशन बाडा, रोशन कुमार और थाना रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही।
जांच अभी जारी
रामगढ़ पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मामले की जांच अभी जारी है और हत्याकांड में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।





