Bokaro: चिन्मय विद्यालय, बोकारो के सेमिनार हॉल में रविवार, 2 अगस्त को ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लाइव जुड़े। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ व अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
Read more: 26 से 28 दिसंबर तक चिन्मय विद्यालय बोकारो में ज्ञान और कहानियों का उत्सव
कार्यक्रम में चिन्मय विद्यालय बोकारो के सचिव महेश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष आर. एन. मलिक, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नर्मेन्द्र कुमार और उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। एनआईसी बोकारो के प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के 350 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। समारोह की शुरुआत पारंपरिक शांति पाठ और ‘गीता पंचामृत’ के सस्वर पाठ से हुई। इससे सेमिनार हॉल में शांत और आध्यात्मिक वातावरण बना।
विद्यार्थियों ने भाषण, स्लैम पोएट्री और नुक्कड़ नाटक किया प्रस्तुत
कक्षा 12वीं की छात्रा राशि ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक भाषण और ओजस्वी काव्य प्रस्तुतियां, यानी स्लैम पोएट्री पेश की। विद्यार्थियों ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक और शारीरिक नुकसान को दर्शाते हुए एक विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ नाटक देखा और उसमें दिए गए संदेश को आत्मसात किया। कार्यक्रम में मौजूद सभी गणमान्य अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ लगातार जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
पीएम मोदी ने युवाओं को बताया देश की रीढ़
विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और ‘विकसित भारत’ के विजन में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले भारत की नींव आज के युवा हैं और युवा देश की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि नशा एक मां के सपनों को चूर-चूर कर देता है।
Read more: रक्तदान महादान: बोकारो में चिन्मय का सराहनीय शिविर 5 अप्रैल को!
प्रधानमंत्री ने युवाओं से ड्रग्स जैसी घातक आदतों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का संकल्प है कि युवा नशे और ड्रग्स के खतरों को समझें, हर स्तर पर जागरूक रहें और इनसे दूर रहें। उन्होंने कहा कि इस संकल्प के साथ राष्ट्रीय नशामुक्ति अभियान की शुरुआत हुई है।
125 से अधिक संगठनों और संस्थानों का मिला सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों, सार्वजनिक संगठनों और औद्योगिक संघों के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें चिन्मय मिशन और कई अन्य संस्थानों के विद्यालयों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि पिछले वर्ष काशी से इस अभियान के पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी।
राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत चिन्मय विद्यालय परिसर में पहले से ही कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही थीं। इनमें प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण समारोह और अन्य प्रेरक कार्यक्रम शामिल थे। पूरे कार्यक्रम का संयोजन सुब्रता गुप्ता और विद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल ने किया।




