Ranchi : रांची विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाओं और लंबे समय से जारी लापरवाही को लेकर छात्र लगातार परेशान हैं। विश्वविद्यालय परिसर में न तो फीस डिस्प्ले बोर्ड लगा है और न ही किसी कार्य की फीस, प्रक्रिया या टाइमलाइन संबंधी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध है। काउंटर, रूम नंबर या मार्गदर्शन देने वाला कोई उपलब्ध न होने से छात्रों को कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। हैरानी की बात यह है कि पूरे परीक्षा विभाग में CCTV कैमरे तक नहीं लगे, जबकि डिग्री, मार्कशीट और माइग्रेशन जारी होने में महीनों लग रहे हैं।

छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय कर्मचारियों के पास ID कार्ड तक नहीं है, जिसके कारण बिचौलियों और दलालों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। वहीं रांची विश्वविद्यालय में आज तक हेल्प डेस्क की व्यवस्था नहीं की गई, जबकि यह आज हर शिक्षण संस्थान में अनिवार्य माना जाता है।

विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परीक्षा नियंत्रक और रजिस्ट्रार की मेल आईडी तो उपलब्ध है, लेकिन छात्रों को मेल का कोई जवाब नहीं मिलता। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी विश्वविद्यालय निष्क्रिय है, जिससे छात्रों की समस्याएँ अनसुलझी रह जाती हैं।

पूर्व छात्र संघ संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सैयद फराज अब्बास ने रांची विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फीस डिस्प्ले बोर्ड, CCTV, हेल्प डेस्क और स्टाफ ID कार्ड लागू किए जाएँ ताकि छात्र दलालों पर निर्भर न रहें। उन्होंने कुलाधिपति, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और विश्वविद्यालय प्रशासन से गंभीरता से इस मुद्दे पर विचार करने की अपील की है।

Share.
Exit mobile version