पलामू। चतुर्थ वर्ग की नौकरी में लिखित परीक्षा कराने और भर्ती में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे। सोमवार को प्रशासन से बातचीत के बाद उन्होंने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी।
पलामू के सदर एसडीएम संजय पांडेय भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे और सत्यनारायण शुक्ला से बात की। बातचीत के बाद एसडीएम ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
इसके बाद छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा। छात्र नेता ने कहा कि प्रशासन के साथ बातचीत अच्छी रही है और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा मिला है।
यह पूरा मामला साल 2010 में निकली चतुर्थ वर्ग की भर्ती से जुड़ा है। इस भर्ती में 2017-18 में लोगों की नौकरी लगी थी। बाद में भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत हुई और मामला कोर्ट पहुंच गया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद साल 2025 में पलामू में नौकरी कर रहे 251 चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को हटा दिया गया था।
अब छात्र चाहते हैं कि नई भर्ती में सिर्फ मैट्रिक के नंबर के आधार पर नौकरी न दी जाए। उनका कहना है कि लिखित परीक्षा होनी चाहिए, ताकि सही और योग्य लोगों को नौकरी मिल सके।




