सारण : दुर्गा पूजा को लेकर बिहार के सारण जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रौशन कुमार के निर्देश पर गुरुवार रात से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ‘पुलिस दीदी’ और विशेष बाइक गश्ती दल को तैनात किया गया है।
पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी
दुर्गा पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले के प्रमुख पूजा पंडालों, चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की टीम असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है।
शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराने की तैयारी
एसएसपी रौशन कुमार ने गश्ती में तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और पुलिस की गश्ती जारी है।



