Ranchi : सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची जिला प्रशासन द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग लगातार इस तरह के अभियान चला रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में रिंग रोड, रातू क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान का आयोजन किया गया।

अभियान के दौरान कुल 123 वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में वाहनों के पथकर (टैक्स), फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी), परमिट, ओवरलोडिंग की स्थिति तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की बारीकी से पड़ताल की गई। जांच में यह पाया गया कि 15 वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण नहीं थे, जबकि कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे थे, जो सड़क सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर उल्लंघन है।

इन सभी मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित वाहन मालिकों और चालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के तहत कुल 2 लाख 87 हजार 550 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा, गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीन वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ रातू थाना में रखा गया है।

उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी वैध दस्तावेज अद्यतन रखें, ओवरलोडिंग से बचें और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि सड़कें सुरक्षित बन सकें और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना था कि इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अनुशासन कायम करना है।

यह विशेष जांच अभियान जिला प्रशासन की सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता और नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। प्रशासन ने आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक है।

Share.
Exit mobile version