गुमला: अमर शहीद परमवीर चक्र विजेता वीर अल्बर्ट एक्का जी की नई प्रतिमा स्थापित करने के सम्मानजनक प्रयास में आज जिला प्रशासन गुमला द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वीर अल्बर्ट एक्का जी की पैतृक भूमि अल्बर्ट एक्का जारी से लायी गई पवित्र मिट्टी को गुमला स्थित प्रस्तावित नई प्रतिमा स्थल पर विधिपूर्वक पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ नींव में स्थापित किया गया। मिट्टी उठाव का कार्य अंचल अधिकारी अल्बर्ट एक्का जारी के देखरेख में अल्बर्ट एक्का के सुपुत्र, पंचायत प्रमुख एवं जारी प्रखंड स्थित चर्च के फादर द्वारा विधिपूर्वक सम्पन्न किया गया। तत्पश्चात गुमला में आयोजित कार्यक्रम में इस मिट्टी को पूजा एवं आराधना के साथ प्रतिमा स्थल पर स्थापित किया गया। गुमला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, DCLR राजीव कुमार, SDO सदर राजीव नीरज, SDO चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, भूतपूर्व सैनिक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक ने कहा कि—
“जिला प्रशासन द्वारा अल्बर्ट एक्का जारी के सम्मान में नई प्रतिमा की स्थापना की जा रही है, जो आकार में पहले से बड़ी एवं अधिक भव्य होगी। प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण भी कराया जा रहा है। प्रतिमा निर्माण कार्य 20 दिसम्बर से पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा तथा वीर अल्बर्ट एक्का जी की जन्मतिथि 27 दिसम्बर को इस प्रतिमा को सम्मानपूर्वक जिलेवासियों को समर्पित किया जाएगा।”

भूतपूर्व सैनिकों द्वारा पूर्व में प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई थी, जिस पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए नई प्रतिमा के निर्माण एवं ऊँचाई वृद्धि के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। गुमला जिला प्रशासन वीरता की इस गौरवपूर्ण विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक प्रेरणास्रोत के रूप में पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Share.
Exit mobile version