घटना के बाद सुबह तक पुलिस-प्रशासन के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी, पीड़ित ने मांगा मुआवजा
डुमरी: डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी-महुवाडाड़ मार्ग पर नटवाल मोड़ के पास शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि मकान का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन संख्या जेएच 10बीई 7026 तेज गति से डुमरी-महुवाडाड़ मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान नटवाल मोड़ के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सतेंद्र साहू उर्फ मुना साहू के घर में जा घुसा। बताया जा रहा है कि उक्त स्कॉर्पियो विशाल कुमार साहू की है।
टक्कर के समय घर में परिवार के लोग मौजूद थे। हालांकि हादसा बेहद जोरदार होने के बावजूद सभी लोग बाल-बाल बच गए। इससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना में मकान को काफी नुकसान पहुंचा है और घर का सामान भी प्रभावित हुआ है।
हादसे में स्कॉर्पियो चालक को भी चोट लगने की बात सामने आई है। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक घायल अवस्था में ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय स्तर पर दी।
पीड़ित मकान मालिक सतेंद्र साहू ने बताया कि हादसे में उनका मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराते हुए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद सुबह तक पुलिस या प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने, फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।






